तिरुलडीह थाना में बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक

MANBHUM UPDATES
1 Min Read

कुकड़ू, 24 मई : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत तिरुलडीह थाना परिसर में आगामी बकरीद पर्व को लेकर रविवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अंजुमन कमिटी के सदस्यों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान सभी समुदायों के लोगों ने आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में बकरीद पर्व मनाने का सामूहिक निर्णय लिया। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर चांडिल पुलिस निरीक्षक रवि कुमार सिंह ने स्थानीय लोगों एवं अंजुमन कमिटी के सदस्यों से त्योहार के दौरान असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बैठक में कुकड़ू प्रखंड प्रमुख प्रतिमा वाला पातर, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार साव, मुखिया सुधीर सिंह, मुखिया प्रतिनिधि रामलाल सिंह, इंद्रजीत महतो, विजय कोयरी समेत अंजुमन कमिटी के कई सदस्य उपस्थित थे।

Share This Article