नीमडीह में दो अवैध चुलाई भट्टियां ध्वस्त, 600 किलोग्राम जावा महुआ एवं 20 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद
नीमडीह, 02 जून : अवैध शराब के विनिर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान में विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अभियान के दौरान 2 जून को उत्पाद विभाग की टीम ने नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बूढ़ीबासा एवं महतोडीह गांव में 02 अवैध चुलाई भट्टियों को ध्वस्त किया है। वहीं मौके से लगभग 600 किलोग्राम जावा महुआ एवं 20 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की गई।
सरायकेला-खरसावां जिला के उपायुक्त के निर्देशानुसार उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में जिले में अवैध शराब के विरुद्ध प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सूचना मिलने के बाद विभाग ने विधिवत छापामारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान बरामद अवैध उत्पाद एवं अन्य सामग्रियों को विधिसम्मत रूप से जब्त कर लिया गया है।
बताया गया कि संबंधित अवैध चुलाई अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं जिला प्रशासन एवं उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।