दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सीसीटीवी से होगी निगरानी – अवैध शराब और भ्रामक पोस्ट पर कार्रवाई के निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सीसीटीवी से होगी निगरानी – अवैध शराब और भ्रामक पोस्ट पर कार्रवाई के निर्देश

सरायकेला, 12 अक्टूबर : दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगियारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी पूजा पंडालों के मुख्य प्रवेश द्वार एवं आसपास के प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष के माध्यम से लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया।

आदित्यपुर और गम्हरिया समेत अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, महिला पुलिसकर्मियों एवं दंडाधिकारियों की तैनाती और चिकित्सा दल उपलब्ध रखने को कहा गया। यातायात सुचारु रखने के लिए अवैध पार्किंग पर कार्रवाई तथा जरूरत के अनुसार बड़े वाहनों के मार्ग में बदलाव की योजना तैयार करने का निर्देश भी दिया गया।

प्रशासन को अवैध एवं नकली शराब की बिक्री, निर्माण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए नियमित जांच एवं औचक निरीक्षण करने को कहा गया। वहीं, खाद्य प्रतिष्ठानों और बसों की जांच कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पूजा पंडालों का सुरक्षा ऑडिट, अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा, पर्याप्त रोशनी और साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भ्रामक और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री पर निगरानी रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च करने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस के बीच समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

आयुक्त ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

Share This Article