जमशेदपुर, 11 मई : मानगो नगर निगम कार्यालय में सोमवार को मेयर सुधा गुप्ता की अध्यक्षता में सफाई संवेदकों एवं निगम अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, कचरा उठाव, मैनपावर की उपलब्धता और संसाधनों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। मेयर ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि मानगो की बढ़ती आबादी और लोगों की अपेक्षाओं को देखते हुए सफाई व्यवस्था में व्यापक सुधार जरूरी है। इसी क्रम में अब शहर में रात्रि के समय भी कचरा उठाव कार्य शुरू करने का निर्णय लिया गया, ताकि दिन में यातायात बाधित न हो और बाजार व मुख्य सड़कें साफ-सुथरी रहें। इसके अलावा रविवार एवं अन्य अवकाश के दिनों में भी विशेष कार्य योजना बनाकर नियमित सफाई और कचरा उठाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। मेयर ने संवेदकों को पर्याप्त संख्या में मैनपावर बढ़ाने को कहा और स्पष्ट किया कि किसी भी वार्ड में सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। साथ ही नई कचरा उठाव गाड़ियों की खरीद प्रक्रिया जल्द शुरू करने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया गया। नगर उप आयुक्त कृष्ण कुमार ने कहा कि “स्वच्छ मानगो, स्वस्थ मानगो” के संकल्प को पूरा करने के लिए निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। बैठक में सभी संवेदक, सिटी मैनेजर और सुपरवाइजर उपस्थित थे।