लेपाटांड़ में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को दिलाया नशे से दूर रहने का संकल्प
ईचागढ़, 26 जून: अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को ईचागढ़ प्रखंड के लेपाटांड़ गांव में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), सरायकेला-खरसावां के तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
डीएलएसए के सचिव तौसीफ मेराज के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में पारा विधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) कार्तिक गोप, दिगंबर महतो एवं निर्मल घोष ने ग्रामीणों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से होने वाले सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
पीएलवी ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें और समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। इस दौरान “नशा नहीं, शिक्षा चुनें और स्वस्थ भारत गढ़ें” का संदेश देते हुए युवाओं को शिक्षा एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया गया तथा समाज में मादक पदार्थों के खिलाफ सामूहिक अभियान चलाने का संकल्प भी दिलाया गया।
इस अवसर पर पीएलवी कार्तिक गोप, निर्मल घोष, दिगंबर महतो के अलावा किशोर उरांव, चंद्र मोहन उरांव, जगन्नाथ गोप, भारती गोप, काजली गोप, बेला गोप, मंजु गोप, सुषमा देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।