सामानपुर में डीएलएसए ने चलाया नशा मुक्ति जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को दी कानूनी जानकारी
नीमडीह, 26 जून : अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नीमडीह प्रखंड की सामानपुर पंचायत अंतर्गत सामानपुर (ऊपरडीह) गांव में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), सरायकेला-खरसावां की ओर से विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
डीएलएसए के सचिव तौसीफ मेराज के निर्देश पर आयोजित शिविर में पारा विधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) शुभंकर महतो ने ग्रामीणों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और पूरे समाज के लिए गंभीर चुनौती है। इसके कारण अपराध, स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, पारिवारिक विघटन तथा सामाजिक अस्थिरता जैसी अनेक समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
उन्होंने ग्रामीणों से नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार एवं तस्करी के विरुद्ध सतर्क रहने, युवाओं को नशे की लत से बचाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। साथ ही मादक पदार्थों से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों एवं उनके उल्लंघन पर होने वाली कानूनी कार्रवाई की भी जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान ग्रामीणों के बीच विधिक जागरूकता से संबंधित पुस्तिकाओं एवं पंपलेट का वितरण किया गया। कार्यक्रम में पीएलवी सुकरंजन कुमार, अम्बुज गोप, साधन महतो, गणेश सिंह, सुकदेव सिंह, सदानंद सिंह, पविता सिंह एवं बुधनी सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।