व्यावसायिक क्षेत्रों को आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं नागरिक सुविधाओं को बढ़ाने पर जोर – नगर निगम आयुक्त ने की बैठक
रांची, 08 जुलाई : नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों को आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं नागरिक सुविधाओं से युक्त स्वरूप प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। बुधवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में एनबीसीसी (National Buildings Construction Corporation Limited) ने डेली मार्केट (मेन रोड), न्यू मार्केट (रातु रोड) एवं खादगढ़ा स्थित भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल परिसर में अवस्थित आरआरडीए एवं रांची नगर निगम की दुकानों के पुनर्विकास एवं आधुनिकीकरण को लेकर विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया।
प्रस्तावित योजना में आधुनिक मार्केट, सुव्यवस्थित दुकानें, मल्टी लेवल पार्किंग, बेहतर यातायात प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाएं एवं आकर्षक शहरी आधारभूत संरचना विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में योजनाओं के तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए शहर के दीर्घकालिक विकास को ध्यान में रखकर आवश्यक सुझाव भी दिए गए।
बैठक में नगर निवेशक, आरआरडीए, सहायक नगर निवेशक, रांची नगर निगम, बीसीडी एवं एनबीसीसी के पदाधिकारी उपस्थित थे।