लंबित योजनाओं में तेजी लाएं, गुणवत्ता से समझौता न हो : उपायुक्त

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कार्य प्रमंडलों की योजनाओं की समीक्षा बैठक में निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश

सरायकेला, 10 सितंबर : समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिले के विभिन्न कार्य प्रमंडलों से संचालित निर्माण एवं विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में निर्माणाधीन और लंबित योजनाओं की अद्यतन प्रगति की जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया।

समीक्षा के दौरान पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति भी देखी गई। उपायुक्त ने कहा कि सभी योजनाओं की नियमित समीक्षा और अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए। निर्माण कार्यों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का हर हाल में पालन हो तथा कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

बैठक में PMABHIM एवं 15वें वित्त आयोग के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को इन योजनाओं में तेजी लाते हुए समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया गया।

वहीं, पूर्ण हो चुकी योजनाओं से संबंधित लंबित भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा गया, ताकि भुगतान के मामलों का समयबद्ध निष्पादन हो सके।

उपायुक्त ने सभी कार्यपालक अभियंताओं को वन विभाग से संबंधित NOC की समस्याओं का संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर शीघ्र समाधान कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि NOC अथवा अन्य विभागीय स्वीकृति के कारण लंबित योजनाओं की नियमित समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

बैठक में भवन निर्माण, विद्युत, लघु सिंचाई, विशेष प्रमंडल सहित विभिन्न कार्य प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article