विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर सदर अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम, 30 सितंबर तक स्कूल-कॉलेजों में चलेगा अभियान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला, 10 सितंबर : विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर गुरुवार को सदर अस्पताल, सरायकेला में जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने की। इस दौरान मानसिक स्वास्थ्य और आत्महत्या रोकथाम को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।

इस वर्ष विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस की थीम “Changing the Narrative on Suicide” यानी आत्महत्या के प्रति दृष्टिकोण बदलना और “Start the Conversation” यानी बातचीत शुरू करना है। कार्यक्रम में मानसिक तनाव और संकट के संभावित संकेतों की पहचान, तनाव प्रबंधन तथा जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में बताया गया कि मानसिक परेशानी की स्थिति में परिवार, मित्र, शिक्षक या स्वास्थ्यकर्मी से बातचीत करना महत्वपूर्ण है। जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य सेवाओं से संपर्क कर समय पर सहायता भी ली जा सकती है।

30 सितंबर तक चलेगा जागरूकता अभियान

जिले के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में 10 से 30 सितंबर तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान विद्यार्थियों और युवाओं को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, भावनात्मक सहयोग, चेतावनी संकेतों और समय पर सहायता प्राप्त करने के प्रति जागरूक किया जाएगा।

मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता के लिए राष्ट्रीय टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 और 1800-891-4416 पर निःशुल्क एवं 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में आत्महत्या रोकथाम और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने तथा जरूरतमंदों की सहायता करने की शपथ भी दिलाई गई। मौके पर जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. नकुल प्रसाद चौधरी, डॉ. शालिनी कुमारी, डॉ. अनिर्बान महतो, डॉ. श्वेता कुमारी समेत अन्य पदाधिकारी, कर्मचारी और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

Share This Article