जन चेतना समिति के रक्तदान शिविर में 63 यूनिट रक्त संग्रह, 100 बार रक्तदान करने वाले वीर कृष्ण राव सम्मानित

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

आस्था वैली में आयोजित हुआ समिति का 20वां रक्तदान शिविर, रक्तदाताओं को कंबल और प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित

चांडिल, 26 अक्टूबर : मानवता की सेवा और जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने के उद्देश्य से रविवार को सरायकेला-खरसावां जिले के तमोलिया स्थित आस्था वैली में जन चेतना समिति की ओर से 20वें रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 63 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इस दौरान 100 बार रक्तदान करने वाले वीर कृष्ण राव को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य सामद और कपाली थाना के एएसआई हीरालाल मुंडा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर समिति के पदाधिकारियों ने रक्तदान करने वाले सभी लोगों को गर्म कंबल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। आयोजन के माध्यम से लोगों को नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक करने और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आगे आने का संदेश दिया गया।

रक्तदान मानवता की सच्ची सेवा : अजय कुमार

मुख्य अतिथि शंकराचार्य सामद ने कहा कि नियमित रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है। रक्तदान सामाजिक सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

वहीं, समिति के अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि रक्तदान के माध्यम से अनगिनत जिंदगियों को बचाया जा सकता है। रक्त की कोई जाति, धर्म या समुदाय नहीं होता। रक्तदाता को भी यह जानकारी नहीं होती कि उसके रक्त से किस जाति, धर्म या समुदाय के व्यक्ति की जान बचेगी। इसलिए रक्तदान मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने लोगों से रक्तदान के प्रति जागरूक होने और इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

समिति के सदस्यों ने बढ़ाया रक्तदाताओं का उत्साह

कार्यक्रम में समिति के उपाध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव, सचिव अमृतरंजन और कोषाध्यक्ष नवीन सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर मधुसूदन राव, नवीन अग्रवाल, संतोष शर्मा, अरुण सिन्हा, संदीप चैल, शत्रुघ्न सिन्हा और अरविंद सिन्हा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Share This Article