झारखंड आदिवासी महोत्सव 2025 में म्यूजिकल बैंड प्रतियोगिता का आयोजन : हुनर को मिलेगा मंच

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

झारखंड आदिवासी महोत्सव 2025 में म्यूजिकल बैंड प्रतियोगिता का आयोजन : हुनर को मिलेगा मंच

रांची, 01 अगस्त : राज्य की पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने और युवाओं की प्रतिभा को मंच देने की दिशा में झारखंड सरकार एक अनूठा कदम उठा रही है। आगामी 9 से 11 अगस्त तक राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले झारखंड आदिवासी महोत्सव – 2025 में म्यूजिकल बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अगुवाई में आयोजित हो रहे इस महोत्सव का उद्देश्य न केवल राज्य की आदिवासी संस्कृति, परंपरा, कला और जीवनदर्शन को प्रोत्साहित करना है, बल्कि युवाओं को भी अपने हुनर के प्रदर्शन का सशक्त मंच देना है।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पारंपरिक आदिवासी वाद्य यंत्रों के उपयोग के लिए अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाएंगे, जिससे पारंपरिक संगीत को नई पीढ़ी में लोकप्रियता मिलने की उम्मीद है। आयोजन समिति के अनुसार, बांसुरी, मांदर, नगाड़ा, तिरियो, जाम्बे, सारंगी जैसे वाद्य यंत्रों का समावेश प्रतिभागियों को निर्णायक मंडल की नजर में अलग पहचान दिलाएगा।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागी पोस्टर में दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। अंतिम तिथि निकट है, इसलिए इच्छुक प्रतिभागियों से समय रहते पंजीकरण करने की अपील की गई है।

इस महोत्सव में जहां एक ओर आदिवासी संगीत और नृत्य की झलक देखने को मिलेगी, वहीं दूसरी ओर पारंपरिक व्यंजन, हस्तशिल्प और जीवनशैली से भी लोग रूबरू हो सकेंगे। महोत्सव का थीम है — “जहां बोलना ही संगीत और चलना ही नृत्य है”, जो झारखंड की जीवंत सांस्कृतिक पहचान को दर्शाता है।

गौरतलब है कि यह आयोजन झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के तत्वावधान में किया जा रहा है।

 

रिपोर्ट : ManbhumUpdates.com

Share This Article