
ज़ाकिर अली की मौत पर उठे सवाल! नदी में डूबकर मौत या कुछ और? निष्पक्ष जांच की मांग, SSP को सौंपा ज्ञापन
जमशेदपुर, 10 अगस्त : मानगो निवासी एवं पूर्व छात्र नेता ज़ाकिर अली की हाल में हुई मौत को लेकर अब कई सवाल खड़े होने लगे हैं। मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग को लेकर छात्र नेता हेमंत पाठक समेत अन्य लोगों ने जमशेदपुर एसएसपी को लिखित ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि करीब एक सप्ताह पूर्व मानगो के लक्ष्मण नगर के पास एक व्यक्ति के नदी में डूबने की सूचना सामने आई थी। बताया गया कि नदी के तेज बहाव में शव मोहरदा की ओर चला गया और बाद में बिरसानगर थाना क्षेत्र में बरामद हुआ।
पुलिस की ओर से प्रथम दृष्ट्या मामले को आत्महत्या माना जा रहा है। हालांकि, ज़ाकिर अली के परिचितों ने इस निष्कर्ष पर सवाल उठाते हुए पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की मांग की है।
हेमंत पाठक का कहना है कि वे वर्ष 2009 से ज़ाकिर अली और उनके परिवार को व्यक्तिगत रूप से जानते हैं। उनके अनुसार ज़ाकिर अली बेहद अच्छे तैराक थे और डिमना लेक में काफी लंबी दूरी तक तैरने की क्षमता रखते थे।
ऐसे में नदी में डूबकर आत्महत्या किए जाने की बात कई सवाल खड़े करती है। लोगों ने पुलिस से घटनास्थल, परिस्थितियों और मौत के कारण की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।



