राष्ट्रपति के प्रस्तावित एनआईटी आगमन को लेकर तैयारियों की समीक्षा, आएडा सभागार में बैठक आयोजित

आदित्यपुर, 16 दिसंबर : महामहिम राष्ट्रपति के प्रस्तावित एनआईटी जमशेदपुर (आदित्यपुर) आगमन के मद्देनज़र कार्यक्रम की तैयारियों एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर मंगलवार को आएडा सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राष्ट्रपति के आगमन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने हेतु सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल एवं आपात सेवाओं से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन की तैयारियों के क्रम में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक, सरायकेला–खरसावां द्वारा संबंधित पदाधिकारियों के साथ एनआईटी परिसर, कार्यक्रम स्थल एवं आगमन-प्रस्थान मार्गों का संयुक्त निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन द्वारा राष्ट्रपति महोदया के आगमन को लेकर सभी तैयारियां समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।



