एशियन यूथ पैरा गेम्स में स्वर्ण व रजत पदक विजेता तीरंदाज झोंगो पाहन का खूंटी में सम्मान

खूंटी, 16 दिसंबर : एशियन यूथ पैरा गेम्स 2025, दुबई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण एवं रजत पदक जीतकर देश और राज्य का नाम रोशन करने वाले खूंटी जिले के प्रतिभाशाली तीरंदाज झोंगो पाहन के जिले में लौटने पर मंगलवार को समाहरणालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपायुक्त आर. रॉनिटा एवं उप विकास आयुक्त आलोक कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की।
उपायुक्त ने झोंगो पाहन को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनके शानदार प्रदर्शन से न केवल खूंटी जिला बल्कि झारखंड और देश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन भविष्य में भी उन्हें हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन प्रदान करेगा।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि झोंगो पाहन की सफलता जिले के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा इससे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई ऊर्जा मिलेगी।
मुलाकात के दौरान झोंगो पाहन ने दुबई में आयोजित प्रतियोगिता के अपने अनुभव साझा किए और बताया कि कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच देश के लिए पदक जीतना उनके लिए गर्व का क्षण रहा।
इस अवसर पर उनके कोच आशीष कुमार एवं दानिश अंसारी, जिला खेल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



