दुर्लभ प्रजाती के वन्यजीव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा, तीन हिरासत में

Manbhum Updates
2 Min Read

दुर्लभ प्रजाती के वन्यजीव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा, तीन हिरासत में

 

रांची, 15 मई : झारखंड की राजधानी रांची में वन्यजीव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो और वन विभाग की संयुक्त टीम ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई में मेन रोड स्थित एक होटल से मॉनिटर लिजर्ड यानी विषखोपड़ा के अंगों की अवैध तस्करी के आरोप में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, जिनमें एक भाजपा नेता का भी नाम शामिल है। छापामारी में मॉनिटर लिजार्ड के 30 ‘गुप्त अंग’ बरामद किया गया हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो को गुप्त सूचना मिली थी कि डेली मार्केट स्थित होटल नटराज में कुछ लोग मॉनिटर लिजर्ड के अंगों की खरीद-बिक्री के लिए ठहरे हुए हैं। सूचना के आधार पर एक विशेष जांच टीम गठित की गई, जिसने होटल में छापेमारी की। वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने दोपहर करीब 12:30 बजे होटल के कमरा संख्या 203 में छापा मारा। जहां संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि हुई। कमरे की तलाशी लेने पर एक काले रंग के प्लास्टिक बैग से मॉनिटर लिजर्ड के 30 गुप्त अंग बरामद किए गए।

मौके पर मौजूद तीन व्यक्तियों से जब पूछताछ की गई तो उन्होंने मामले से अनजान होने की बात कही, लेकिन जांच एजेंसियों को उनके जवाब संदिग्ध लगे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक राजनीतिक दल से जुड़ा नेता, उसका बेटा और अरुण राम नामक व्यक्ति शामिल हैं। होटल प्रबंधन ने पुलिस को बताया कि कमरा नंबर 203 और 206 पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर निवासी विष्णु कुमार गुप्ता के नाम पर 13 मई 2026 से बुक थे। इसके बाद तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर डोरंडा स्थित वन प्रमंडल कार्यालय लाया गया, जहां उनसे पूछताछ जारी है।

Share This Article