नोंक-झाेंक के बीच टाटा-कांड्रा मुख्य सड़क पर गम्हरिया में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
गम्हरिया, 15 मई : सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने टाटा-कांड्रा मुख्य सड़क को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार को गम्हरिया क्षेत्र में सर्विस रोड किनारे अचानक चली प्रशासनिक कार्रवाई से दुकानदारों और कारोबारियों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने खुद ही अपने कब्जे हटाने शुरू कर दिया, जबकि कई जगह बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण तोड़े गए। वर्षों से सड़क किनारे फैले अतिक्रमण पर हुई इस सख्त कार्रवाई से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अभियान में आदित्यपुर नगर निगम, गम्हरिया अंचल प्रशासन, पथ निर्माण विभाग, जियाडा और आवास बोर्ड की संयुक्त टीम शामिल रही। अधिकारियों का कहना है कि सड़क और सर्विस लेन को खाली कर यातायात को सुगम बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है और यह अभियान आगे दूसरे क्षेत्रों में भी जारी रहेगा। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया है। उनका कहना है कि लंबे समय से अतिक्रमण के कारण जाम और दुर्घटनाएं बढ़ रही थीं।
वहीं दूसरी ओर, दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों में नाराजगी भी देखी गई। उनका कहना है कि बिना वैकल्पिक वेंडिंग जोन दिए कार्रवाई करना सैकड़ों लोगों की रोजी-रोटी छीनने जैसा है। अभियान के दौरान कुछ जगह अधिकारियों और लोगों के बीच तीखी नोंक-झोंक भी हुई, लेकिन प्रशासनिक सख्ती के आगे किसी की नहीं चली। अब बड़ा सवाल यही है कि क्या यह अभियान बिना राजनीतिक दबाव के आखिर तक जारी रहेगा, या फिर बीच रास्ते में धीमा पड़ जाएगा ?