भीषण गर्मी में ‘अमृत धारा’ बनी सहारा, प्रशासन की पहल पर सामाजिक संगठनों ने बढ़ाया जनसेवा का हाथ

Manbhum Updates
2 Min Read

सरायकेला, 29 अप्रैल : बढ़ती गर्मी और तपते मौसम के बीच आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सरायकेला में एक सराहनीय पहल की शुरुआत हुई है। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अभिनव प्रकाश की प्रेरणा से रानी सती मंदिर परिसर में “अमृत धारा” सेवा शुरू की गई, जिसके तहत राहगीरों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

मारवाड़ी युवा मंच, मारवाड़ी महिला समिति और चेंबर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त प्रयास से शुरू इस सेवा का उद्घाटन एसडीओ अभिनव प्रकाश ने किया। उन्होंने इसे समाज में सहयोग और संवेदनशीलता का प्रतीक बताते हुए कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में इस तरह की पहल जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत है।
“अमृत धारा” के तहत बाजार क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों, मजदूरों, रिक्शा चालकों और राहगीरों को स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। खासकर दोपहर के समय, जब तापमान चरम पर होता है, यह सेवा लोगों के लिए राहत का केंद्र बन रही है।
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी से ही ऐसे जनहित कार्य सफल हो पाते हैं। उन्होंने अन्य संगठनों से भी आगे आकर इस तरह की पहल करने की अपील की।
मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष आशुतोष चौधरी ने बताया कि गर्मी को देखते हुए यह सेवा शुरू की गई है और आगे भी समाजहित में इस तरह के कार्य जारी रहेंगे। वहीं प्रांतीय संयोजक आकाश अग्रवाल ने इसे संगठन की सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग मौजूद रहे और शीतल जल वितरण के साथ सेवा की शुरुआत की गई। स्थानीय लोगों ने “अमृत धारा” को भीषण गर्मी में राहत देने वाला मानवीय प्रयास बताते हुए इसकी जमकर सराहना की है।

Share This Article