पेयजल संकट के समाधान की दिशा में बड़ी पहल, WTP निरीक्षण के बाद जलापूर्ति प्रणाली हस्तांतरण प्रक्रिया शुरू

Manbhum Updates
2 Min Read

 

सरायकेला, 29 अप्रैल : नगर क्षेत्र में गहराते पेयजल संकट के स्थायी समाधान को लेकर नगर पंचायत सरायकेला ने ठोस पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) का विस्तृत निरीक्षण कर जलापूर्ति व्यवस्था की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्लांट की कार्यप्रणाली, जल शोधन प्रक्रिया, मशीनों की स्थिति, वितरण प्रणाली और रखरखाव व्यवस्था का गहन मूल्यांकन किया गया। इस दौरान मोटर रूम में अत्यधिक गर्मी के कारण मशीनों के गर्म होने की समस्या सामने आई, जिस पर अध्यक्ष ने तत्काल एयर कंडीशनर लगाने का निर्देश दिया, ताकि उपकरणों का सुरक्षित और सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
अध्यक्ष ने अधिकारियों को उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी आवश्यकताओं का आकलन कर विस्तृत सूची तैयार करने का भी निर्देश दिया, जिससे भविष्य की कार्ययोजना को व्यवस्थित तरीके से लागू किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी समीर बोदरा, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता ललित इंदवार, सहायक अभियंता एम.एल. गिलवा, सिटी मैनेजर सुमित सुमन सहित कई अधिकारी और तकनीकी कर्मी मौजूद रहे।
अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने के लिए इसे पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से नगर पंचायत के अधीन लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्थानीय स्तर पर नियंत्रण होने से समस्याओं का त्वरित समाधान और बेहतर निगरानी संभव हो सकेगी।
उन्होंने भरोसा जताया कि इस पहल से नगर क्षेत्र में जल संकट से राहत मिलेगी और लोगों को नियमित, स्वच्छ व सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा। साथ ही आम लोगों से जल संरक्षण में सहयोग की अपील भी की गई है।

Share This Article