मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के स्वयंसेवकों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर घर-घर सत्यापन व प्रपत्र भरने में सहयोग के दिए गए निर्देश

सरायकेला, 29 जून : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर)-2026 के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को सरायकेला टाउन हॉल में 50-ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के स्वयंसेवकों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना तथा प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना था।

इससे पूर्व 27 जून को 49-सरायकेला एवं 51-खरसावां विधानसभा क्षेत्रों के स्वयंसेवकों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण भी आयोजित किया जा चुका है। सोमवार को आयोजित प्रशिक्षण में स्वयंसेवकों को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर)-2026 के उद्देश्यों, प्रक्रिया और उनकी जिम्मेदारियों से विस्तार से अवगत कराया गया।

प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने, निर्धारित प्रपत्र भरवाने, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने तथा नाम जोड़ने, संशोधन और विलोपन की प्रक्रिया में सहयोग करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन जमा कराने और पात्र नागरिकों को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।

स्वयंसेवकों से कहा गया कि वे बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर के साथ समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएं, ताकि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। साथ ही अपात्र, मृत अथवा स्थायी रूप से स्थानांतरित व्यक्तियों के नाम नियमानुसार मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया में भी सहयोग करने को कहा गया।

प्रशिक्षण के दौरान निष्पक्षता, पारदर्शिता और सावधानीपूर्वक घर-घर सत्यापन करने पर विशेष बल दिया गया। स्वयंसेवकों को निर्देश दिया गया कि वे उपलब्ध दस्तावेजों और निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रावधानों के आधार पर ही प्रपत्र भरवाने में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की शंका होने पर संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर अथवा निर्वाचन पदाधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त करें।

मास्टर ट्रेनरों ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर)-2026 के विभिन्न प्रावधानों, प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, समय-सीमा तथा क्षेत्रीय स्तर पर किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया की आधारशिला है। इसलिए सभी स्वयंसेवकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। अधिकारियों ने मतदाता सूची की शुद्धता बनाए रखने में स्वयंसेवकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सभी को पूरी ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करना होगा, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिल सके और निर्वाचन प्रक्रिया अधिक निष्पक्ष एवं विश्वसनीय बन सके।

Share This Article