किसानों की आय बढ़ाने को तैयार होगा रोडमैप, कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

डीडीसी ने कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक में दिए कई अहम निर्देश

सरायकेला, 29 जून : समाहरणालय सभागार में सोमवार को उप विकास आयुक्त रीना हांसदा की अध्यक्षता में कृषि, पशुपालन, मत्स्य, गव्य विकास, सहकारिता एवं अन्य संबद्ध विभागों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में किसानों की आय बढ़ाने, कृषि आधारित आजीविका को सुदृढ़ बनाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अधिकाधिक किसानों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

डीडीसी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ दीर्घकालिक कार्ययोजना (रोडमैप) तैयार कर योजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने चिन्हित क्लस्टरों (लैम्प्स) में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसानों को विभागीय योजनाओं, गुणवत्तायुक्त बीज, कृषि यंत्र एवं प्रशिक्षण का लाभ समय पर उपलब्ध कराने को कहा।

कम वर्षा की संभावना को देखते हुए खरीफ फसलों की समय पर बुआई, वैकल्पिक कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूकता एवं आवश्यक कृषि परामर्श उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में लंबित पशुधन वितरण में तेजी लाने, मेधा डेयरी सेंटर के लिए भूमि चिन्हित करने, सभी तालाबों की समय पर बंदोबस्ती सुनिश्चित करने तथा मत्स्य पालकों एवं स्वयं सहायता समूहों को विभागीय योजनाओं से जोड़ने पर भी बल दिया गया।

डीडीसी ने जेएसएलपीएस के माध्यम से अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने, ‘लखपति दीदी’ अभियान को गति देने, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) का दायरा बढ़ाने तथा पात्र किसानों का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही सहकारिता विभाग को गोदाम निर्माण कार्यों में अनियमितता पर सख्त कार्रवाई और सदस्यता अभियान तेज करने को कहा।

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, उपनिदेशक आत्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article