चांडिल : पूर्व विधानसभा प्रत्याशी खगेन महतो ने मानव अधिकार दिवस पर किया निःशुल्क नेत्र जांच शिविर एवं कंबल वितरण का शुभारम्भ

चांडिल, 10 दिसंबर : विश्व मानव अधिकार दिवस के अवसर पर ईचागढ़ के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी खगेन महतो ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए चांडिल प्रखंड के बानसा हाई स्कूल मैदान में “नम भारत सेवा संस्था” द्वारा आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ किया। कार्यक्रम के तहत निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया, साथ ही जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण भी किया गया।
इस मौके पर खगेन महतो ने कहा कि मानव अधिकार दिवस हमें सह-अस्तित्व, करुणा, संवाद और न्याय की भावना के साथ सभी के अधिकारों और गरिमा की रक्षा करने का संदेश देता है। उन्होंने संकल्प लिया कि मानवता के इस वैश्विक अभियान में हर व्यक्ति अपनी सतत, सजग और सार्थक भूमिका निभाए तथा मानवाधिकारों के सम्मान और संरक्षण के लिए समाज में जागरूकता बढ़ाई जाए।
उन्होंने कहा— “हम सभी समानता, न्याय और गरिमा को सुनिश्चित करने में अपना योगदान दें और मानव अधिकारों के महत्व को समझें।”
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों और स्थानीय ग्रामीणों को मानवाधिकार, भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों तथा उनके संरक्षण के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई।
इस आयोजन में भाजपा नेता दिलीप महतो, अधिवक्ता कमलेश सिंह, विश्वनाथ कालिंदी, बुद्धेश्वर सिंह, लक्ष्मण सिंह, दिवाकर सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



