जन शिकायत निवारण दिवस में डीसी ने सुनी जनता की फरियाद, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
जमशेदपुर, 1 सितंबर : जिला प्रशासन की ओर से आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उपायुक्त ने अपने कार्यालय कक्ष में लोगों से मुलाकात कर उनके आवेदन एवं ज्ञापन प्राप्त किए और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान चिकित्सीय सहायता, राशन कार्ड, लगान रसीद, म्यूटेशन, पारिवारिक विवाद, आंगनबाड़ी सेविका चयन, वृद्धावस्था पेंशन, स्वरोजगार, जन्म प्रमाण पत्र, रास्ता अवरुद्ध करने, ऋण सहायता, बाधित वेतन को पुनः शुरू करने तथा झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ दिलाने समेत कई मामलों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमसंगत और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशील एवं समयबद्ध तरीके से समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि शिकायतों पर कार्रवाई के बाद आवेदकों को उसकी स्थिति से अवगत कराया जाए, ताकि जन शिकायत निवारण की प्रक्रिया प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनी रहे।



