रांची से गम्हरिया एचपी गैस गोदाम जा रहा था वाहन, 50 से अधिक सिलेंडर सड़क पर बिखरे; पुलिस ने वाहन जब्त कर शुरू की जांच
गम्हरिया, 04 सितंबर : टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर गम्हरिया थाना क्षेत्र के रापचा के समीप शुक्रवार को गैस सिलेंडरों से लदा एक वाहन अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद वाहन में लदे 50 से अधिक एलपीजी सिलेंडर सड़क पर बिखर गए। हालांकि, गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और सिलेंडरों में आग या विस्फोट नहीं हुआ। यदि सिलेंडरों में आग लग जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या JH01DT8151 में बड़ी संख्या में एलपीजी सिलेंडर लदे थे। वाहन रांची से गम्हरिया स्थित एचपी गैस गोदाम की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की गति तेज थी। रापचा के पास मुख्य सड़क के किनारे बने गड्ढे की चपेट में आने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के बीचोंबीच पलट गया। दुर्घटना के बाद वाहन में रखे सिलेंडर सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर यातायात को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी में बिखरे सिलेंडरों को सुरक्षित तरीके से दूसरे वाहन में शिफ्ट करने का काम शुरू किया गया।
गम्हरिया थाना के एएसआई विशु उरांव ने बताया कि वाहन पलटने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सभी सिलेंडरों को सुरक्षित तरीके से दूसरे वाहन में स्थानांतरित कराया जा रहा है। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
हालांकि, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सिलेंडरों में गैस नहीं होने की बात कही जा रही है। पुलिस द्वारा इसकी भी जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।



