एचएलएम ट्रॉफी फुटबॉल प्रतियोगिता 06 व 07 को, स्वास्थ्य शिविर के साथ होगा रंगारंग कार्यक्रम

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

एचएलएम ट्रॉफी फुटबॉल प्रतियोगिता 06 व 07 को, स्वास्थ्य शिविर के साथ होगा रंगारंग कार्यक्रम

चांडिल, 04 अक्टूबर : जनसेवा ही लक्ष्य के संस्थापक एवं समाजसेवी हरेलाल महतो के जन्मदिन पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी एचएलएम ट्रॉफी फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 06 एवं 07 अक्टूबर को किया गया है। प्रतियोगिता चांडिल प्रखंड के धातकीडीह फुटबॉल मैदान में होगी। प्रतियोगिता का शुभारंभ 06 अक्टूबर को समाजसेवी हरेलाल महतो के जन्मदिन समारोह के साथ किया जाएगा। वहीं, 07 अक्टूबर को प्रतियोगिता का फाइनल मैच के साथ समापन समारोह होगा।

प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं। दो दिवसीय मुकाबले के विजेता टीम को दो लाख रुपये नकद व ट्रॉफी, उपविजेता को डेढ़ लाख रुपये व ट्रॉफी जबकि तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को एक–एक लाख रुपये नकद पुरस्कार व ट्रॉफी प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा बेस्ट खिलाड़ी और बेस्ट गोलकीपर को साइकिल पुरस्कार दिया जाएगा।

खेल प्रतियोगिता के साथ ही जनसेवा की भावना को ध्यान में रखते हुए सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत 06 अक्टूबर को मेला परिसर में निःशुल्क नेत्र एवं दंत जांच शिविर आयोजित होगा। वहीं 07 अक्टूबर को ब्रम्हानंद ब्लड बैंक के सौजन्य से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। समापन समारोह में गायक कुंदन कुमार एंड टीम सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे।

कार्यक्रम में बतौर अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री सह ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास, आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक लंबोदर महतो समेत कई विशिष्ट अतिथि इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।

Share This Article