चांडिल, 07 अक्टूबर : सामाजिक संस्था “जन सेवा ही लक्ष्य” द्वारा आयोजित दो दिवसीय HLM Trophy फुटबॉल प्रतियोगिता (सीजन-04) का आज भव्य समापन होगा। यह आयोजन संस्था के संस्थापक एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो के जन्मदिन के अवसर पर चांडिल प्रखंड के धातकीडीह (भादूडीह) फुटबॉल मैदान में किया गया है।
इस फुटबॉल महाकुंभ में कुल 16 टीमों ने भाग लिया है। सोमवार को खेले गए रोमांचक मुकाबलों में केके ब्रदर्स सोनाहातू की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई। आज शेष टीमों के बीच निर्णायक मुकाबले खेले जाएंगे।
समापन समारोह में दिग्गज नेताओं की उपस्थिति
आज आयोजित समापन समारोह में बतौर अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ, पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस तथा मांडू विधायक निर्मल महतो शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान विजेता टीम को ₹2 लाख नकद पुरस्कार और ट्रॉफी, उपविजेता टीम को ₹1.5 लाख नकद राशि व ट्रॉफी, जबकि तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त टीमों को ₹1 लाख-₹1 लाख नकद राशि व ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
मानभूमी सुरों से गूंजेगा मैदान, दर्शकों में उत्साह का माहौल
समापन अवसर पर शाम को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन होगा। इसमें मानभूम भाषा (राढ़ बांग्ला) के सुप्रसिद्ध गायक कुंदन कुमार एंड टीम अपनी प्रस्तुति देंगे, जो कार्यक्रम की खास आकर्षण रहेगा।
जनसेवा और स्वास्थ्य के प्रति समर्पण
“जन सेवा ही लक्ष्य” संस्था ने खेल के साथ-साथ समाजसेवा की भावना को भी मजबूत किया है। सोमवार को जहां निःशुल्क नेत्र एवं दंत जांच शिविर आयोजित किया गया, वहीं आज मंगलवार को रक्तदान शिविर लगाया गया है। दिनभर चलने वाले इस शिविर में संस्था के सदस्य और स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी दिखाने को उत्सुक हैं, जिससे कार्यक्रम का सामाजिक महत्व और बढ़ गया है।