ईचागढ़ थाना प्रभारी लाइन हाजिर, बजरंग महतो को मिली कमान

चांडिल , 22 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बड़े पैमान पर पुलिस अधिकारियों का तबादला किया है। मिली जानकारी के अनुसार जिला पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश के बाद तत्काल प्रभाव से यह कार्रवाई लागू की गई। किए गए फेरबदल के तहत ईचागढ़ थाना प्रभारी विक्रमादित्य पांडे को लाइन हाजिर किया गया है। थाना प्रभारी के हटने के बाद नए थानेदार के रूप में चौका थाना प्रभारी बजरंग महतो की नियुक्ति की गई है। वे शीघ्र ही अपना पदभार ग्रहण करेंगे।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चौका के नए थानेदार के रूप में सोनू कुमार की पदस्थापना किया गया है। इसके साथ ही चांडिल के सर्किल इंस्पेक्टर रामचंद्र रजक का तबादला करते हुए उन्हें गम्हरया का थानेदार बनाया गया है। जबकि चांडिल का सर्किल इंस्पेक्टर के रूप में राजेश सिंह को पदस्थापना किया गया है। पदस्थापना के प्रतीक्षारत इंस्पेक्टर राजू को ट्रैफिक थाना का प्रभारी बनाया गया है। राजनगर थाना प्रभारी के रूप में विपुल ओझा, आमदा ओपी प्रभारी के रूप में रामरेखा पासवान और सिनी ओपी प्रभारी के रूप में विनय कुमार सिंह को पदस्थापित किया गया है।
जानकारी के अनुसार, विभागीय स्तर पर समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया है। बताया जा रहा है कि थानेदार विक्रमादित्य पांडे पर कई तरह के आरोप थे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी डीजीपी को पत्र लिखकर थानेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। बालू के अवैध कारोबार को लेकर बीते दिनों घटी घटना के बाद थानेदार सुर्खियों में थे। नए थानेदार के पदभार संभालने के साथ ही थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की उम्मीद जताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है।



