श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) ने रचा इतिहास: पूरा किया 500वां SDP डोनेशन, विकाश सक्सेरिया हुए सम्मानित

जमशेदपुर, 5 अगस्त ,मानभूम अपडेट्स : समाज सेवा की दिशा में अग्रणी संस्था श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) ने एक अहम उपलब्धि हासिल की। वर्ष 2019 से लगातार रक्तदान और SDP (सिंगल डोनर प्लेटलेट) डोनेशन जैसे कार्यों में सक्रिय मंडली ने अपना 500वां SDP डोनेशन पूर्ण कर एक मिसाल कायम की।
यह ऐतिहासिक डोनेशन मंडली के सक्रिय सदस्य विकाश सक्सेरिया द्वारा किया गया। इसी के साथ उन्होंने अपने जीवन का 25वां रक्तदान भी पूर्ण किया, जिसमें 12 SDP और 13 सामान्य रक्तदान शामिल हैं।
SDP डोनेशन: कैंसर और डेंगू मरीजों के लिए जीवनदायिनी पहल
ज्ञात हो कि SDP यानी सिंगल डोनर प्लेटलेट डोनेशन विशेष रूप से कैंसर और डेंगू जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए अत्यंत आवश्यक होता है। श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) 2019 से अब तक इस क्षेत्र में लगातार और नि:स्वार्थ सेवा करती आ रही है।
अब तक ट्रस्ट के 80 सक्रिय SDP डोनर्स की सहभागिता से 500 प्लेटलेट डोनेशन पूरे हो चुके हैं, जो न केवल जमशेदपुर बल्कि पूरे झारखंड के लिए एक प्रेरणास्पद उदाहरण है।
सम्मान समारोह में मौजूद रहे चिकित्सा अधिकारी और मंडली संस्थापक
इस उपलब्धि के मौके पर जमशेदपुर ब्लड सेंटर में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंडली के संस्थापक-संरक्षक सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे।समारोह में विकाश सक्सेरिया को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मौके पर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, डॉ. एल. बी. सिंह, डॉ. रीता सिंह, धनंजय प्रसाद, अनूप कुमार श्रीवास्तव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने ट्रस्ट की सेवाभावी भावना की सराहना की और इस मिशन को और आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
“एक पहल समाज के लिए” का साकार रूप बना ट्रस्ट
श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) अपने नाम के अनुरूप न केवल धार्मिक गतिविधियों में बल्कि सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी निरंतर मानवता का परिचय दे रही है। रक्तदान, प्लेटलेट डोनेशन, और स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य गतिविधियों में इसकी भूमिका अनुकरणीय है।



