नीमडीह में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन चुलाई भट्टियां ध्वस्त
नीमडीह, 16 जून : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। उपायुक्त के निर्देश एवं उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में मंगलवार को नीमडीह थाना क्षेत्र के बाड़ेदा और केंदडीह गांव में विशेष छापामारी अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त तीन चुलाई भट्टियों का पता लगाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया। वहीं मौके से करीब 500 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बरामद सामग्री को झारखंड उत्पाद अधिनियम एवं अन्य प्रचलित कानूनी प्रावधानों के तहत जब्त कर नष्ट कर दिया गया।
उत्पाद विभाग के अनुसार, अवैध शराब निर्माण और बिक्री से जुड़े अड्डों के संचालकों तथा अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। अधिकारियों ने आम लोगों से भी अवैध शराब संबंधी गतिविधियों की सूचना प्रशासन को देने की अपील की है।