कपाली पुलिस पर मारपीट के आरोप की जांच शुरू, एसपी के निर्देश पर एमजीएम पहुंचकर एसडीपीओ ने दर्ज किया पीड़िता का बयान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कपाली पुलिस पर मारपीट के आरोप की जांच शुरू, एसपी के निर्देश पर एमजीएम पहुंचकर एसडीपीओ ने दर्ज किया पीड़िता का बयान

चांडिल, 16 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस पर आदिवासी युवती के साथ कथित मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने चांडिल एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार को जांच का जिम्मा सौंप दिया है।

जानकारी के अनुसार, चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी निवासी अल्पना माहली को 15 जून की शाम एक मामले में पूछताछ के लिए कपाली पुलिस द्वारा बुलाया गया था। पीड़िता का आरोप है कि पूछताछ के दौरान उसे बंद कमरे में बेरहमी से पीटा गया। उसने दावा किया कि मारपीट के कारण वह बेहोश हो गई थी, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने पानी पिलाकर उसे होश में लाया और दर्द से राहत के लिए दवा भी दी।

मंगलवार सुबह यह मामला विभिन्न समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामने आने के बाद तेजी से चर्चा का विषय बन गया। इसके बाद एसपी ने पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए।

इधर, युवती की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर ले गए, जहां चिकित्सकों द्वारा विभिन्न चिकित्सीय जांच की जा रही है। जांच के क्रम में एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार भी एमजीएम अस्पताल पहुंचे और पीड़िता व उसके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़िता का बयान दर्ज करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच का भरोसा दिलाया।

वहीं, घटना को लेकर आदिवासी संगठनों में भी आक्रोश व्याप्त है। विभिन्न आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधि पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने की तैयारी में जुटे हैं। साथ ही कपाली पुलिस के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत एससी/एसटी कोर्ट में शिकायत दर्ज कराने की भी तैयारी की जा रही है।

मामले की जांच जारी है और पुलिस प्रशासन की ओर से निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

Share This Article