पटमदा : समाजसेवी विश्वनाथ महतो के प्रयास से प्रखंड कार्यालय जाने वाली मुख्य सड़क की हुई मरम्मत, लोगों को मिली राहत
पटमदा, 21 जुलाई : लगातार हो रही बारिश के कारण पटमदा प्रखंड कार्यालय जाने वाली मुख्य सड़क जर्जर हो गई थी। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और जलजमाव से प्रखंड कार्यालय आने वाले आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों तथा विभिन्न सरकारी कार्यों से आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वहीं, सड़क की बदहाल स्थिति के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी।
जनहित से जुड़े इस गंभीर मामले को समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास के संज्ञान में लाया। सूचना मिलने के बाद अंचलाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और विश्वनाथ महतो के साथ सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत तत्काल कार्रवाई करते हुए सड़क के गहरे गड्ढों में स्टोन डस्ट डालकर भराई कराई गई, जिससे सड़क को समतल बनाया गया और आवागमन सुगम हो सका।
सड़क की मरम्मत पूरी होने के बाद प्रखंड कार्यालय आने वाले लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की त्वरित पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय पर मरम्मत होने से आवागमन पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम हुई है।
समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं। उनकी पहल से आम लोगों को तत्काल राहत मिली है।
उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क की स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने की मांग करते हुए कहा कि बारिश के मौसम में हर वर्ष उत्पन्न होने वाली इस समस्या का दीर्घकालिक समाधान आवश्यक है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द स्थायी मरम्मत कराने की अपील की, ताकि भविष्य में लोगों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।