जमशेदपुर, 10 अप्रैल : कोल्हान भूमिज समाज द्वारा स्वतंत्रता सेनानी एवं भूमिज विद्रोह (1832-33) के महानायक वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की 236वीं जयंती के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक समागम सह विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा। जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गांपाल मैदान में 25 अप्रैल होने वाले कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस संबंध में समाज के वरिष्ठ सदस्य राधेश्याम सिंह भूमिज ने बताया कि यह आयोजन वीर शहीद गंगा नारायण सिंह के अद्वितीय बलिदान, साहस और स्वाभिमान को स्मरण करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गंगा नारायण सिंह ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष कर आदिवासी समाज के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। इस कार्यक्रम के संरक्षक पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार हैं, जिनके मार्गदर्शन एवं संरक्षण में यह आयोजन संपन्न होगा। साथ ही उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वीर गंगा नारायण सिंह का चुआड़ विद्रोह में भी अहम योगदान रहा, जो न केवल भूमिज समाज बल्कि देशहित और स्वाभिमान की रक्षा के लिए एक ऐतिहासिक संघर्ष था।
जानिए कैसे बदल रही चांडिल की तस्वीर क्या बोल रहे लोग?
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11 बजे पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण से होगी। इसके पश्चात समाज के गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही विचार गोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं समाज के बुद्धिजीवियों के संबोधन का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में कोल्हान क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। इस अवसर पर कोल्हान भूमिज समाज के युवा संगठन के रबिंद्र सिंह सरदार, रोबिन सिंह, सुबोध सिंह मुंडा, जयनाथ सिंह भूमिज,जय सिंह,सुधाकर सिंह,अमर सिंह, भक्त रंजन सिंह सहित अन्य प्रमुख बुद्धिजीवी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।