चाईबासा, 10 अप्रैल : पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के बड़मीता जंगल के पास पुलिस ने शुक्रवार की सुबह एक अज्ञात युवक की लाश बरामद की है। लगभग 38 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बड़मीता गांव के सोसोपी टोला के ग्रामीणों ने सुबह संदिग्ध स्थिति में अर्धनग्न शव देखा, इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना गांव के मुंडा को दी। मुंडा ने इसकी सूचना पुलिस को दी, इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू किया। पुलिस मृत युवक की पहचान के लिए लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार शव बड़मीता और खैरपाल गांव के बीच, थाना क्षेत्र के बॉर्डर पर हाथी सागोम चौक के पास जंगल से सटे खेत में मिला। आशंका जताई जा रही है कि युवक के साथ कहीं और मारपीट की गई और मौत के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया है। घटनास्थल के हालात से यह भी प्रतीत होता है कि शव को घसीटकर लाया गया, जिससे कपड़े अस्त-व्यस्त हो गए। हालांकि मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं।
प्रकृति का अद्भुत चमत्कार या दैवीय शक्ति? जानिए इस घाटी का राज! देखिए Manbhum Updates पर Exclusive
शव से दुर्गंध आने और कपड़ों के भीगे होने के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि घटना दो-तीन दिन पहले की हो सकती है। बारिश और सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर आरोपियों ने शव को यहां फेंक दिया होगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। शव मिलने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।