
सात दिनों में जवाब देने का नोटिस, खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी
सरायकेला, 31 अक्टूबर : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पुराने बस स्टैंड स्थित सरायकेला बाजार के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मनोज कोल्ड स्टोर में करीब 55 पैकेट एक्सपायर्ड एवं फफूंद लगी ब्रेड बरामद हुई। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी रितेश कुमार ने उक्त ब्रेड को मौके पर ही नष्ट करा दिया।
निरीक्षण के दौरान मनोज कोल्ड स्टोर, एम/एस मोबाइल सेंटर समेत अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। एक्सपायर्ड एवं फफूंदयुक्त ब्रेड मिलने के मामले में संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
वहीं, जांच के दौरान कुछ अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता से जुड़ी कमियां भी पाई गईं। खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों का उचित भंडारण करने तथा उनकी सुरक्षित रख-रखाव व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की हिदायत देते हुए स्पष्ट किया है कि जिले में आगे भी विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।