ट्रेनों की लेटलतीफी खत्म करने को लेकर चला हस्ताक्षर अभियान, विधायक ने रेलवे को दी चेतावनी
जमशेदपुर, 18 मई : जमशेदपुर के साकची गोलचक्कर पर रेल यात्री संघर्ष समिति द्वारा चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में उस समय माहौल गर्म हो गया, जब जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रेलवे प्रशासन पर तीखा हमला बोला। इस अवसर पर विधायक सरयू राय ने कहा कि समिति का आंदोलन फिलहाल शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है, लेकिन इसे रेलवे प्रशासन कमजोरी समझने की भूल न करे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि यात्रियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर रेल ट्रैक पर बैठकर भी विरोध दर्ज कराया जाएगा।
उन्होंने रेलवे पर नियम-कानूनों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि आखिर यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने का आदेश किसके निर्देश पर दिया जा रहा है। सरयू राय ने कहा कि देशभर में रेलवे का इंफ्रास्ट्रक्चर लगातार विकसित हो रहा है, लेकिन टाटानगर क्षेत्र अब भी उपेक्षित बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सबसे बड़ी मांग सिर्फ इतनी है कि ट्रेनों की लेटलतीफी खत्म हो और लोगों को समय पर यात्रा सुविधा मिले।
रेल यात्री संघर्ष समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह ने कहा कि आंदोलन को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि 18 मई को बर्मामाइंस और 19 मई को मानगो में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, जबकि 24 मई को घाटशिला में बड़ा अभियान आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी लोग ट्रेनों की देरी को लेकर नाराजगी जता रहे हैं और यदि जरूरत पड़ी तो समिति रेल मंत्री तक अपनी बात पहुंचाएगी।
कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने भी रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि यह आंदोलन जनता की आवाज है और इसकी गूंज रेल मंत्रालय तक पहुंचेगी। कन्हैया सिंह ने कहा कि रेलवे आंदोलन को हल्के में ले रहा है, जो उसकी बड़ी भूल साबित हो सकती है। वहीं सतीश सिंह ने चक्रधरपुर मंडल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। कार्यक्रम के दौरान विधायक सरयू राय सहित कई सदस्यों ने राहगीरों के बीच पर्चे बांटे और लोगों से क्यूआर कोड स्कैन कर अपनी राय दर्ज करने की अपील की। कार्यक्रम के सफल संचालन में नीरज सिंह और सुनील सिंह की अहम भूमिका रही, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विवेक पांडेय ने किया।