तिरुलडीह में अवैध बालू के खिलाफ छापामारी, सपादा से बालू लदे चार ट्रैक्टर जप्त
कुकड़ू, 18 मई : सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र में पुलिस से आंखे चुराकर बालू का अवैध परिवहन बदस्तूर जारी है। यहां पुलिस डाल-डाल तो बालू कारोबारी पात-पात की कहावत को चरितार्थ कर रहे हैं। जिले में जब चारों ओर बालू की तस्करी पर पाबंदी लगा है, उस समय भी पदाधिकारियों के औचक निरीक्षण के दौरान अवैध रूप से बालू लदे वाहन पकड़े जा रहे हैं। सोमवार को जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन/ परिवहन के विरुद्ध तिरुलडीह थाना की पुलिस और कुकडू के अंचलाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से छापामारी अभियान चलाया गया।
इसकी जानकारी देते हुए तिरुलडीह थाना प्रभारी ने बताया कि छापामारी के क्रम में 4 ट्रैक्टर को ग्राम सपादा से जप्त किया गया, जिसमें करीब 400 सीएफटी अवैध बालू लदा हुआ था। वाहनों को जप्त कर तिरुलडीह थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। इसके पूर्व दो मई को तिरुलडीह थाना की पुलिस ने सपादा गांव से ही दो बालू लदे ट्रैक्टर को जप्त किया था। जिसमें करीब 200 सीएफटी अवैध बालू लदा हुआ था। वहीं, 17 अप्रैल को तिरुलडीह थाना क्षेत्र कारकीडीह से अवैध रूप से बालू ले जाते दो ट्रैक्टर को जप्त किया गया था, जिसमें करीब 200 सीएफटी अवैध बालू लदा हुआ था।