उपायुक्त की अध्यक्षता में धान अधिप्राप्ति कार्यों की समीक्षा, शिथिल प्रगति पर शोकॉज

सरायकेला, 08 जनवरी : उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को जिले में धान अधिप्राप्ति अंतर्गत संचालित गतिविधियों की प्रखंडवार समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी सहित सभी संबंधित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 801 किसानों से कुल 45,235.81 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है, जबकि जिले में पंजीकृत किसानों की कुल संख्या 6,336 है। भुगतान की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने शेष लंबित भुगतान को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने किसान पंजीकरण में सुधार हेतु प्रखंड स्तर पर सतत निगरानी और नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही सभी धान अधिप्राप्ति केंद्रों (लैम्प्स) पर धान की खरीद, समय पर उठाव तथा विक्रय के उपरांत किसानों को 48 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एडवांस सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) के जनरेशन एवं प्राप्ति की प्रक्रिया में तेजी लाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
समीक्षा के दौरान जिन लैम्प्स में कार्य प्रगति असंतोषजनक पाई गई, वहां के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी को शोकॉज जारी किया गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि अपेक्षित सुधार नहीं होने की स्थिति में वेतन निकासी पर रोक सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि धान अधिप्राप्ति में किसानों के हित सर्वोपरि हैं और सभी कार्य राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ किए जाएं।


