
खान निरीक्षक की जांच में पकड़ा गया हाइवा, अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ कार्रवाई जारी
सरायकेला, 31 अक्टूबर : जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को खान निरीक्षक ने राजनगर मोड़ के समीप अवैध गिट्टी लदा एक हाइवा जब्त किया। जब्त वाहन का पंजीकरण नंबर JH05DV9174 है। आवश्यक कार्रवाई के लिए वाहन को सरायकेला थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 31 अक्टूबर को वाहन जांच के दौरान राजनगर मोड़ के पास खान निरीक्षक ने गिट्टी लदे हाइवा को पकड़ा।
मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, जिला खनन पदाधिकारी ने कहा कि अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के विरुद्ध विभाग का जांच एवं कार्रवाई अभियान आगे भी जारी रहेगा।