
उपायुक्त और एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया संयुक्त निरीक्षण, तैयारियां आज शाम तक पूरी करने का निर्देश
भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण रखने की अपील, कदाचार रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सरायकेला, 31 अक्टूबर : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JHTET)-2026 का आयोजन रविवार, 1 नवंबर को सरायकेला-खरसावां जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा की दोनों पालियों में कुल 17,533 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनमें प्रथम पाली में 11,086 और द्वितीय पाली में 6,447 अभ्यर्थियों के शामिल होने का निर्धारण किया गया है। परीक्षा को कदाचारमुक्त, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी क्रम में शनिवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगियारी ने सरायकेला अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और परीक्षा संचालन की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, अंचल अधिकारी सरायकेला और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण में अधिकांश परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां संतोषजनक पाई गईं, जबकि कुछ केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं में कमियां मिलीं। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी कमियां शनिवार शाम तक दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिले के शेष परीक्षा केंद्रों का भी वरीय पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जा रहा है। वहीं, सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है।
उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़-भाड़ पर नियंत्रण रखने और कदाचार की किसी भी संभावना को रोकने के लिए प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगियारी ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर परीक्षा केंद्रों के आसपास नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि और कदाचार पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाएगा।
भारी वाहनों के परिचालन पर रहेगा नियंत्रण
परीक्षा के मद्देनजर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया है। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को यातायात प्रबंधन के आवश्यक इंतजाम करने का निर्देश दिया। साथ ही औद्योगिक संस्थानों एवं संबंधित प्रतिष्ठानों से परीक्षा अवधि के दौरान बड़े और भारी वाहनों के परिचालन पर आवश्यक प्रतिबंध एवं नियंत्रण रखने की अपील की है, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
उपायुक्त ने परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अभ्यर्थियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अनुशासन के साथ परीक्षा में शामिल होने और परीक्षा को कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने में जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।