भीषण सड़क हादसे में युवक गंभीर, मां पार्वती बस की बाइक से सीधी टक्कर
जमशेदपुर/चाईबासा, 20 मई : जमशेदपुर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जमशेदपुर से चाईबासा की ओर जा रही मां पार्वती बस ने चलियामा और कुजू के पास एक मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।