एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद के दौरान उपलब्ध हैं आपातकालीन सेवाएं

MANBHUM UPDATES
1 Min Read

एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद के दौरान उपलब्ध हैं आपातकालीन सेवाएं

सरायकेला, 20 मई : सरायकेला-खरसावां केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की ओर से बुधवार को देशभर में दवा दुकानों की हड़ताल के समर्थन में दवा दुकाने बंद रखने का निर्णय लिया गया है। हड़ताल के मद्​देनजर आम मरीजों पर इसका प्रभाव नहीं पड़े, जरूरतमंदों को आवश्यकता के अनुसार दवा मिले इसके लिए जिला प्रशासन ने प्रबंध किया है। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया है कि जिले में स्थित नर्सिंग होम द्वारा संचालित दवा दुकानें बंदी के दौरान भी खुली रहेंगी। इसके अलावा अपोलो फार्मेसी एवं फार्मासिस्ट एसोसिएशन द्वारा संचालित मेडिकल स्टोर भी बंदी के दौरान खुले रहेंगे।

साथ ही सरायकेला, गम्हरिया, चांडिल एवं आदित्यपुर में आपातकालीन स्थिति हेतु चयनित दवा दुकानों का नाम भी उपलब्ध कराया गया है। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि आपातकालीन स्थिति में ज्योति मेडिकल, खरसावां, चौधरी मेडिकल स्टोर, सरायकेला, बरोदा मेडिकल, गम्हरिया, अन्नपूर्णा मेडिकल, चांडिल, शांति मेडिकल, आदित्यपुर और नेशनल मेडिकल, आदित्यपुर की दवा दुकानें खुली रहेंगी। जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि आवश्यक दवाओं की उपलब्धता हेतु घबराने की आवश्यकता नहीं है। आपातकालीन सेवाओं के लिए उपरोक्त दवा दुकानें संचालित रहेंगी।

Share This Article