आदित्यपुर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, जेसीबी से ध्वस्त किए गए अवैध निर्माण
भीषण गर्मी में भी सड़कों पर डटा रहा प्रशासन, अतिक्रमणकारियों में मचा हड़कंप
आदित्यपुर, 19 मई : पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को आदित्यपुर नगर निगम और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शहर में एक बार फिर व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। दोपहर की भीषण गर्मी और तपती धूप के बावजूद प्रशासनिक टीम पूरे मुस्तैदी के साथ सड़कों पर उतरी, जिससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
अभियान की शुरुआत आदित्यपुर के ईमली चौक सर्विस लेन से की गई। इसके बाद पान दुकान चौक, आकाशवाणी चौक, शेरे पंजाब चौक होते हुए आशियाना चौक तक कार्रवाई जारी रही। इस दौरान सड़क और सर्विस लेन पर अवैध रूप से कब्जा कर बनाए गए सीमेंटेड फर्श, चबूतरे तथा अन्य अस्थायी और स्थायी निर्माणों को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान कई स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिली।
अभियान की खास बात यह रही कि रिकॉर्डतोड़ गर्मी के बीच भी प्रशासनिक अधिकारी पूरे समय मौके पर डटे रहे। उप नगर आयुक्त पारुल सिंह ने स्वयं अभियान की निगरानी की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देती रहीं। वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, ट्रैफिक थाना प्रभारी राजू, गम्हरिया अंचल निरीक्षक समेत अंचल कार्यालय के कई अधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सड़क और सर्विस लेन पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।



