
जमशेदपुर, 22 मार्च : खेल नगरी के रूप में पहचान बना रहा जमशेदपुर अब शूटिंग कोचिंग के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। राष्ट्रीय राइफल संघ भारत (एनआरएआई) द्वारा झारखंड राज्य राइफल संघ के सहयोग से आयोजित 7 दिवसीय राष्ट्रीय कोचिंग कोर्स ने इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित किया है। इस गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश के 5 राज्यों से आए 33 कोचों ने भाग लिया, जिनमें 19 कोच झारखंड से थे।
यह कोर्स केवल तकनीकी प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे आधुनिक खेल विज्ञान, मनोविज्ञान और संचार कौशल के साथ जोड़कर एक समग्र कोचिंग मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया गया। ओलंपियन संजीव राजपूत और कोच विद्या जाधव के नेतृत्व में हुए तकनीकी सत्रों में हथियार संचालन, शूटिंग तकनीक, त्रुटि सुधार और प्रतियोगिता की तैयारी जैसे पहलुओं पर गहन प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम की खासियत खेल विज्ञान आधारित मॉड्यूल रहे। स्पोर्ट्स साइकोलॉजी, न्यूट्रिशन, स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग और मानव शरीर रचना जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने कोचों को एथलीट प्रदर्शन सुधारने के व्यावहारिक तरीके सिखाए। साथ ही, प्रभावी संचार कौशल पर विशेष जोर देते हुए कोच-एथलीट संबंधों को मजबूत बनाने की तकनीकें साझा की गईं।
कोर्स के अंत में आयोजित मूल्यांकन परीक्षा ने प्रतिभागियों की समझ को परखा, वहीं अगले चरण के लिए उन्हें फील्ड प्रोजेक्ट सौंपे गए हैं। आने वाले समय में इसका दूसरा चरण भी जमशेदपुर में आयोजित होगा।
जेएसआरए अध्यक्ष दिवाकर सिंह ने इस पहल को झारखंड में शूटिंग खेलों के विकास के लिए मील का पत्थर बताया। यह कार्यक्रम न केवल कोचों की गुणवत्ता को उन्नत करेगा, बल्कि देश में शूटिंग खेलों के लिए एक मजबूत और वैज्ञानिक आधार भी तैयार करेगा।



