छत पर सोते रह गए गृहस्वामी, नीचे बंधक बनाकर 23.5 लाख की लूट, धनबाद में आधी रात ‘खामोश डकैती’

MANBHUM UPDATES
1 Min Read

धनबाद, 31 मार्च : बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मिश्रीडीह मोड़ पर सोमवार देर रात अपराधियों ने बेहद सुनियोजित और चौंकाने वाले अंदाज़ में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। करीब 10 की संख्या में पहुंचे अपराधी सीढ़ियों के रास्ते घर में घुसे और पूरे परिवार को बंधक बनाकर लाखों की लूट कर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, अपराधियों ने घर में मौजूद बच्चों को अपने कब्जे में लेकर परिवार के अन्य सदस्यों को डराया-धमकाया। इसके बाद घर में रखे करीब 3.5 लाख रुपये नकद और लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए।

घटना का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह रहा कि गृहस्वामी कैलाश प्रसाद मिश्रा छत पर सोते रह गए और उन्हें वारदात की भनक तक नहीं लगी। उन्होंने आशंका जताई है कि अपराधियों ने उन्हें कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे उनकी नींद नहीं खुली।

सुबह करीब साढ़े चार बजे पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं स्थानीय लोग दहशत में हैं।

Share This Article