चांडिल , 31 मार्च : सार्वजनिक श्रीश्री अखंड हरिनाम संकीर्तन समिति, चौका के तत्वावधान में आगामी 2 से 4 अप्रैल 2026 तक तीन दिवसीय अखंड हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। समिति से मिली जानकारी के अनुसार यह धार्मिक आयोजन 24 प्रहर तक निरंतर चलेगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।
आयोजन समिति ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 1 अप्रैल (बुधवार) को शुभ गंधाधिवास के साथ होगा। इसके बाद 2 अप्रैल (गुरुवार) से हरिनाम संकीर्तन प्रारंभ होगा, जिसमें 4 अप्रैल (शनिवार) को जागरण रात्रि होगा। 5 अप्रैल (रविवार) को नाम विश्राम, धूलट तथा भोगराग एवं वैष्णव सेवा के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
समिति ने सभी श्रद्धालु भक्तों एवं क्षेत्रवासियों से इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रभु नाम का श्रवण करने और कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। आयोजन को सफल बनाने में विभिन्न संकीर्तन मंडलियों का भी सहयोग रहेगा।
कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल एवं झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से भजन-कीर्तन मंडलियां भाग लेंगी, जिनमें प्रमुख रूप से संतोष महाली (रानीबांध), विमल कृष्ण राय (डेबरा, मेदिनीपुर), मणिमाला दास एवं कावेरी दास (मेदिनीपुर), पूर्णिमा दास (सालबनी), बाघाम्बर दास (जाहेरडीह, ईचागढ़) और हरि दास गोस्वामी (रायडीह) शामिल हैं।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन वर्ष 1931 से लगातार होता आ रहा है और क्षेत्र में इसकी विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता है।