चांडिल न्यू बायपास रोड पर भीषण सड़क हादसा

टिप ट्रेलर–बाइक टक्कर में दो युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
चांडिल, 16 जनवरी : चांडिल न्यू बायपास रोड पर गुरुवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा टिप ट्रेलर और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार थे, तभी तेज रफ्तार टिप ट्रेलर से उनकी टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि बाइक सवार धनंजय सरदार और सुमन सिंह सरदार की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं इस हादसे में ठाकुर सिंह सरदार (18 वर्ष), गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जहां उसका प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद न्यू बायपास रोड पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक नरगाडीह गांव के निवासी थे। घटना के बाद गांव और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने न्यू बायपास रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग प्रशासन से की है।



