ईचागढ़ प्राचीन सीता पांज मेला : संस्कृति, प्रकृति और आजीविका का साझा मंच – पाइका नृत्य ने दर्शकों को रिझाया

Manbhum Updates
3 Min Read

प्राचीन सीता पांज मेला : संस्कृति, प्रकृति और आजीविका का साझा मंच – पाइका नृत्य ने दर्शकों को रिझाया

ईचागढ़, 14 जनवरी : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत चोगा–चिमटिया–चितरी के मध्य स्थित प्रसिद्ध सीता पांज पर्यटन स्थल में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर बुधवार को प्राचीन सीता पांज मेला का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का संचालन कलामंदिर, जमशेदपुर एवं सीता पांज मेला समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
मेले का विधिवत उद्घाटन झारखंड उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति रत्नाकर भेंगरा, झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष, चिमटियां पंचायत के मुखिया अभिराम हेम्ब्रम सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
यह मेला केवल पारंपरिक सांस्कृतिक उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जन-जंगल-जमीन, जैव-विविधता संरक्षण और टिकाऊ आजीविका के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावशाली माध्यम बना।

मेला में पारंपरिक लोक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी गई। उस्ताद राजेंद्र प्रसाद गोप द्वारा झूमर संगीत, उस्ताद गुलाप सिंह मुंडा एवं साथियों द्वारा पाइका नृत्य, उस्ताद गंगाधर महतो द्वारा पांच परगना नृत्य, उस्ताद घासीराम महतो द्वारा मानभूम छऊ नृत्य, तिलोकतमा तंतूबाई द्वारा पाता झूमर तथा अंत में उस्ताद काशीनाथ महतो द्वारा मानभूम छऊ नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कला मंदिर के अध्यक्ष अमिताभ घोष ने कहा कि कला मंदिर भविष्य में भी संस्कृति, प्रकृति संरक्षण और आजीविका को जोड़ने वाले ऐसे आयोजनों के माध्यम से समुदाय आधारित विकास को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।
प्राचीन सीता पांज मेला स्थानीय समुदाय के लिए न केवल उत्सव का अवसर बना, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक धरोहर को बचाने का सामूहिक संकल्प भी सिद्ध हुआ।

लिविंग लैंडस्केप और कॉमन ग्राउंड पहल के अंतर्गत मेला को कृषि एवं हस्तशिल्प गतिविधियों से जोड़ा गया, जिससे स्थानीय किसानों और कारीगरों को अपनी उपज एवं कला प्रदर्शित करने का अवसर मिला और मेला आजीविका संवर्धन का सशक्त मंच बनकर उभरा।

इस अवसर पर कलामंदिर की प्रबंध कार्यकारिणी समिति के सभी सदस्य, जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो सहित न्यायिक, प्रशासनिक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Share This Article