खरसावां शहीद दिवस को लेकर सुरक्षा तैयारियों का पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण

सरायकेला, 22 दिसंबर : एक जनवरी खरसावां शहीद दिवस के अवसर पर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर की जा रही तैयारियों का सोमवार को पुलिस अधीक्षक ने स्थल भ्रमण कर निरीक्षण किया। इस दौरान शहीद पार्क परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने शहीद पार्क में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, आगंतुकों के वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग व्यवस्था, रूटलाइन एवं सुगम यातायात संचालन की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं संसाधनों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि शहीद दिवस के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक सभी कदम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।



