अवैध खनन पर शिकंजा: उपायुक्त की अध्यक्षता में माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक, सघन निरीक्षण व कठोर कार्रवाई के निर्देश

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

अवैध खनन पर शिकंजा: उपायुक्त की अध्यक्षता में माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक, सघन निरीक्षण व कठोर कार्रवाई के निर्देश

सरायकेला, 22 दिसंबर : जिले में अवैध खनन, भंडारण एवं खनिज परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ने सितंबर–अक्टूबर माह में चलाए गए विशेष अभियानों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। प्रतिवेदन के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 10 ट्रैक्टर, 01 ट्रक (407) और 02 हाईवा जब्त किए गए। साथ ही करीब 20,000 घनफीट ईंट मिट्टी तथा 15,000 घनफीट बालू जब्त किया गया। चार वाहनों से ₹94,000 की दंड राशि वसूल की गई, जबकि अवैध उत्खनन व परिवहन के मामलों में 02 प्राथमिकी दर्ज की गईं।

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ नियमित औचक निरीक्षण अभियान चलाने और अवैध गतिविधियों पर शून्य सहनशीलता अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जब्त बालू खनिज का नियमानुसार ई-ऑक्शन सुनिश्चित करने तथा राजस्व से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने को कहा। संवेदनशील क्षेत्रों में चेक नाका स्थापित कर प्रभावी निगरानी रखने और वाहनों के वैध दस्तावेजों की सघन जांच के भी निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने खनिज ढुलाई में संलग्न वाहनों में सामग्री को पूर्णतः ढककर परिवहन सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक स्वच्छता बनी रहे। साथ ही अवैध रूप से संचालित ईंट भट्टों की जांच कर प्रदूषण नियंत्रण विभाग के समन्वय से कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

दलमा के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में अवैध पत्थर खनन की सूचनाओं पर वन विभाग, खनन विभाग, प्रशासन और पुलिस को संयुक्त रूप से नियमित छापेमारी कर दोषियों पर विधिसम्मत कार्रवाई करने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने अवैध खनन/परिवहन की सूचना पर त्वरित, गोपनीय संयुक्त कार्रवाई, प्राथमिकी दर्ज कर मामलों का शीघ्र न्यायालयीन प्रस्तुतिकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Share This Article