“9 जुलाई को भारत बंद – 25 करोड़ कर्मचारियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल, बैंकिंग से ट्रांसपोर्ट तक ठप पड़ सकती हैं सेवाएं”

रांची, 08 जुलाई 2025 : अगर आप बुधवार, 9 जुलाई को बैंक, पोस्ट ऑफिस या किसी सरकारी दफ्तर का काम निपटाने की योजना बना रहे हैं, तो सतर्क हो जाइए। देशभर की 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और उनकी सहयोगी इकाइयों द्वारा घोषित भारत बंद का व्यापक असर देखने को मिल सकता है।
सरकार की कथित मजदूर, किसान और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ यह राष्ट्रव्यापी हड़ताल बुलाई गई है, जिसमें बैंकिंग, बीमा, खनन, परिवहन, निर्माण सहित कई अहम क्षेत्रों के 25 करोड़ से अधिक कर्मचारी भाग लेंगे।
किन-किन सेवाओं पर पड़ेगा असर?
बैंकिंग सेक्टर : अधिकांश बैंक शाखाओं में कामकाज ठप रहने की संभावना
पोस्ट ऑफिस : डाक सेवाएं और मनी ऑर्डर आदि में देरी संभव
बस और परिवहन : सरकारी और निजी बस सेवाएं आंशिक या पूरी तरह बंद रह सकती हैं
कोयला खनन और फैक्ट्रियां : उत्पादन कार्य प्रभावित होने की आशंका
राजमार्ग और निर्माण कार्य: लेबर न होने के कारण ठप पड़ सकते हैं निर्माण कार्य
ट्रेड यूनियनों का बयान :
हड़ताल का आह्वान करने वाली यूनियनों का कहना है कि यह सिर्फ एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि देशभर के श्रमिकों और आम नागरिकों के हक और अधिकारों की आवाज है।
“यह बंद हमारी मजबूरी है। सरकार श्रमिकों की बात सुनने को तैयार नहीं है, इसलिए हमें सड़कों पर उतरना पड़ा है।”
सरकार की प्रतिक्रिया :
अब तक केंद्र सरकार की ओर से इस हड़ताल पर कोई औपचारिक बयान नहीं आया है, लेकिन कई राज्यों में प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है। आवश्यक सेवाओं को चालू रखने के लिए वैकल्पिक इंतजाम करने की बातें कही जा रही हैं।
9 जुलाई का भारत बंद आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर सकता है। आम लोगों से अपील की जा रही है कि इस दिन गैर-जरूरी सरकारी या बैंक संबंधित कामों को टालें और यात्राओं से पहले परिवहन व्यवस्था की जानकारी अवश्य लें।
हर अपडेट के लिए जुड़े रहें – ManbhumUpdates.com


