सरायकेला, 08 अप्रैल : सरायकेला–खरसावां जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले राजकीय चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव 2026 की तैयारियों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान आयोजन की रूपरेखा, आधारभूत व्यवस्थाओं एवं समन्वय तंत्र पर विशेष चर्चा की गई। उपायुक्त ने मुख्य कार्यक्रम स्थल भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला के साफ-सफाई एवं समतलीकरण, पेयजल एवं अस्थायी शौचालय की उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा दल तथा अग्निशमन दल की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उल्लेखनीय है कि राजकीय चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव 2026 के मुख्य कार्यक्रम 11 से 13 अप्रैल 2026 तक बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर राज्य एवं अन्य राज्यों से आने वाले कलाकारों के आवागमन, आवासन एवं सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि महोत्सव में स्थानीय कलाकारों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए उन्हें प्राथमिकता दी जाए तथा पद्मश्री सम्मानित कलाकारों सहित सभी कला दलों को सम्मानित किया जाए। साथ ही छऊ नृत्य से संबंधित पारंपरिक पूजा-पाठ एवं धार्मिक परंपराओं की मूल भावना को अक्षुण्ण बनाए रखने पर जोर दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि छऊ महोत्सव जिले की सांस्कृतिक पहचान एवं गौरव का प्रतीक है, अतः इसके आयोजन में गुणवत्ता, सुरक्षा एवं सुव्यवस्था के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, नगर पंचायत सरायकेला अध्यक्ष मनोज चौधरी सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं आयोजन समिति के सदस्यगण उपस्थित थे।